कांग्रेस नेता का दावा- मोदी सरकार लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाकर कर सकती है 1000 से ज्यादा
नई दिल्ली : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने बीते रविवार की देर शाम अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए दावा किया है कि भाजपा सरकार लोकसभा में सीटों की संख्या को बढ़ाने के लिए एक प्रस्ताव लाने वाली है। कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया है कि इसके लिए संसद का नया चैंबर भी तैयार किया जा रहा है।
यदि ऐसा प्रस्ताव रखा जाता है तो, आम जनता से इस मसले पर राय जरूर लेनी चाहिए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने अपने ट्विटर एकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा कि मुझे भाजपा के संसदीय सहयोगियों द्वारा विश्वसनीय रूप से सूचित किया गया है कि 2024 से पहले लोकसभा की संख्या बढ़ाकर 1000 या उससे अधिक करने का प्रस्ताव है।
1000 सीटों वाले नए संसद कक्ष का निर्माण किया जा रहा है। ऐसा करने से पहले एक सार्वजनिक परामर्श होना चाहिए। लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या जानकारी के लिए आपको बता दें कि संविधान के मुताबिक, देश में लोकसभा में अधिक से अधिक 552 सदस्य हो सकते हैं।
इसमें राज्यों से 530 और केंद्र शासित प्रदेशों से 20 सदस्यों को सेलेक्ट किया जाता है। जानकारी के अनुसार, इसके अलावा एंग्लो-इंडियन समुदाय के 2 सदस्य राष्ट्रपति के द्वारा मनोनीत किए जाते हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 1977 में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाई गई थी।