मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति हुई 72.4 अरब डॉलर,Reliance के अध्यक्ष मुकेश अंबानी बने दुनिया के छठे सबसे अमीर व्यक्ति


अरबपति मुकेश अंबानी की संपत्ति में लगातार उछाल देखने को मिल रहा है।


रिलायंस के अध्यक्ष मुकेश अंबानी अब दुनिया के छठे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। अंबानी की संपत्ति गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज की संपत्ति से भी अधिक हो गई है। अंबानी ने लैरी पेज को पीछे छोड़ दुनिया के छठे सबसे अमीर शख्स का मुकाम प्राप्त किया है। खास बात यह है कि दुनिया के टॉप-10 अमीरों में मुकेश अंबानी एशिया से इकलौते हैं।


ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaire Index) के अनुसार, रिलायंस अध्यक्ष की कुल संपत्ति 72.4 अरब डॉलर हो गई है। मुकेश अंबानी की संपत्ति के साथ ही रिलांयस के एम-कैप में भी लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। रिलायंस का एम-कैप 12 लाख करोड़ के स्तर को पार कर गया है।


आपको बता दें कि रिलायंस के शेयर प्राइस में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। मार्च महीने के बाद से अब तक आरआईएल के शेयरों में दोगुनी बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की जियो प्लैटफॉर्म में 12 हफ्ते में 13 निवेश आ चुके हैं। रिलायंस ने Jio Platforms में 25.24 फीसद की हिस्सेदारी की बिक्री के जरिए 1.18 लाख करोड़ रुपये जुटा लिए हैं।


ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स में इस समय पहले नंबर पर अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस हैं। उनकी कुल संपत्ति 184 अरब डॉलर है।