इंडोनेशिया से नोएडा वापस लौट रहे युवक में कोरोना की पुष्टि

इंडोनेशिया से वापस लौटा 26 वर्षीय युवक कोरोना से संक्रमित मिला है। मंगलवार देर रात को आई जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हो गई। चार दिन पहले उसके और पत्नी के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। वह पत्नी के साथ इंडोनेशिया घूमने गया था। लौटने के बाद वह नोएडा के किराये के मकान पर रहने आया था। इसी दौरान बीमारी के लक्षण मिले थे।



रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक और उसकी पत्नी को जिम्स में भर्ती कराया है।


पीड़ित व्यक्ति शहर के ही एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करता है। पत्नी की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग भार्गव ने बताया कि सेक्टर-41 निवासी युवक में कोरोना वायरस की पुष्टि की गई है। युवक में कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखने के बाद नमूने लिए गए थे। सेक्टर की जिस सोसाइटी में मरीज की पुष्टि की गई है, वहां संक्रमण मुक्त का कार्य शुरू कर दिया है। पत्नी की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। रिपोर्ट के आधार पर उनका इलाज किया जाएगा। पीड़ित की पत्नी को भी जिम्स में आइसोलेट किया गया है। जांच के लिए उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की भी सूची बनाई जा रही है।




नोएडा में बुधवार को सेक्टर-6 स्थिति एक कंपनी में मास्क लगाकर अपना काम करतीं महिला कर्मचारी।



अपने आवंटियों के लिए यमुना प्राधिकरण ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने कहा कि आवंटी दफ्तर आने के बजाय ई-मेल व फोन करके अपनी समस्या बता सकते हैं। आवंटी 120-2395201, 2395153 नंबरों पर फोन कर सकते हैं। इसके अलावा यमुना प्राधिकरण की वेबसाइट पर जाकर अलॉटी मैनेजमेंट सिस्टम व अप्लीकेशन ट्रैकिंग सिस्टम के जरिये भी शिकायत कर सकते हैं।