सुलतानपुर प्रदेश में सबसे अधिक ठंडे की चपेट में आने से सूबे में रविवार को 53 लोगों की मौत हो गई।

सुलतानपुर प्रदेश में सबसे अधिक ठंडे रहे, यहां न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, ठंड की चपेट में आने से सूबे में रविवार को 53 लोगों की मौत हो गई।



कश्मीर के विक्षोभ और उत्तर-पश्चिम हवाओं के चलते प्रदेश में सर्दी, कोहरे व शीतलहर का प्रकोप जारी है। रविवार को विभिन्न जिलों में निकली धूप शीतलहर और गलन के आगे नतमस्तक रही। रविवार को कानपुर देहात, उन्नाव, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, सहारनपुर इत्यादि शहरों में कोहरे व शीतलहर का प्रकोप जारी है।


कानपुर में 14, बांदा, हमीरपुर व महोबा में तीन-तीन, फतेहपुर में दो, उन्नाव, औरैया, उरई व चित्रकूट में एक-एक की मौत ठंड लगने से हो गई है। मौसम विभाग की तरफ से जारी रेड वार्निग के मुताबिक सोमवार को कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बिजनौर, आगरा व बांदा में पारा शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।


लखनऊ में दिन में धूप निकलने से पारा में कुछ सुधार हुआ। शहर का अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से नौ डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री कम 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तराई क्षेत्र में बहराइच और श्रवस्ती में रविवार को सूर्य के दर्शन ही नहीं हुए। यही हाल बाराबंकी लखीमपुर, बलरामपुर में भी रहा। यहां सुबह खासा घना कोहरा छाया रहने से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। आंबेडकरनगर में बदली छाई रही। सुलतानपुर में दो डिग्री तापमान दो डिग्री पहुंच जाने से दिन में ही सड़कों पर सन्नाटा दिखा। यहां पूरे दिन सूरज भी नहीं दिखा। बाराबंकी में एक व्यक्ति की मौत हो गई।


गोरखपुर और आसपास के क्षेत्र में रविवार दोपहर में थोड़ी देर के लिए हल्की धूप निकली लेकिन पूरे दिन चलीं ठंडी पछुआ हवाएं प्रभावी रहीं। न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह से लेकर शाम तक कोहरे की स्थिति बनी रही। प्रतापगढ़ में कड़ाके की ठंड के चलते चार लोगों की मौत हो गई। प्रयागराज में भी ठंड ने चार जिंदगियां लील लीं। वाराणसी में गलन भरी ठंड के कारण धूप बेअसर रही। ठंड लगने से भदोही में चार, चंदौली में तीन, सोनभद्र व वाराणसी में दो-दो व मऊ में एक की मौत हो गई। सहारनपुर का न्यूनतम 2 डिग्री, बुलंदशहर, शामली का तीन डिग्री सेल्सियस रहा। मुरादाबाद मंडल में ठिठुरन का प्रकोप बना रहा। अमरोहा जिले में ठंड से दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पीलीभीत में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा।