कालिया का किरदार निभाने वाले अभिनेता (वीजू खोट) का निधन
हिंदी सिनेमा की सुपरहिट फिल्मों में शुमार 'शोले' में कालिया का किरदार निभाने वाले अभिनेता वीजू खोटे का सोमवार को मुंबई स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। 78 वर्षीय वीजू खोटे कई दिनों से बीमार थे। परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे हैं।
वीजू खोटे ने 'नगीना', 'कुर्बानी', 'कर्ज', 'पुकार', 'अंदाज अपना अपना', 'अतिथि तुम कब जाओगे', 'गोलमाल-3' जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया था। वह फिल्मी परिवार से थे। उनके पिता नंदू खोटे लोकप्रिय स्टेज अभिनेता थे। उनकी बड़ी बहन शुभा खोटे भी नामचीन कलाकार हैं। वीजू खोटे ने हिंदी और मराठी दोनों भाषाओं में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था। हिंदी फिल्मों में उन्हें पहचान मिली 1975 में रिलीज हुई फिल्म 'शोले' से, जिसमें उन्होंने कालिया का किरदार निभाया था। इसके अलावा फिल्म 'अंदाज अपना अपना' में रॉबर्ट के किरदार में उनका बोला गया संवाद 'गलती से मिस्टेक हो गया' भी खूब लोकप्रिय हुआ था। वीजू खोटे आखिरी बार 2018 में बनी फिल्म 'जाने क्यों दे यारों' में नजर आए थे। वीजू खोटे के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर शोक प्रकट करते हुए लिखा, 'अभिनेता वीजू खोटे स्वयं में ही एक संस्थान थे। उनका काम हमेशा याद किया जाएगा। मुङो उनके साथ कुछ फिल्मों में काम करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।'
ऋषि कपूर ने लिखा, 'हमारे बीच कई वषों की मित्रता थी। उम्र में काफी बड़े होने के बावजूद हम शुभा बहन के साथ साइकिल चलाने जाते थे। अमेरिकी फिल्मों के शौकीन और अच्छे जानकार। हम आपको याद करेंगे। 'वीजू कुठे आहे?' अभिषेक बच्चन ने उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए लिखा, 'वीजू खोटे जी भगवान आपकी आत्मा को शांति दें। सिनेमा को देने के लिए अभी आप में बहुत कुछ बाकी था। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।'