सिक्सलेन हाईवे पर बनेंगे 54 पुल चकेरी से कोखराज तक


चकेरी (कानपुर) से कोखराज (प्रयागराज) तक निर्माणाधीन सिक्सलेन राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर 54 पुल बनाए जाएंगे।


करीब 154 किलोमीटर की दूरी में पड़ने वाले हर चौराहे पर हाईवे एलीवेटेड होगा। कस्बों से बाईपास निकालने का प्रस्ताव खारिज कर दिया गया है। इसके स्थान पर एलीवेटेड हाईवे निकाल कस्बों को तोड़फोड़ से बचा लिया जाएगा।


एनएचएआई ने सिक्सलेन हाईवे के सभी पुलों की डिजाइन को अंतिम रूप दे दिया है। टीम ने सर्वे कर सभी जगहों पर पुल के बिन्दु तय कर दिए हैं। फतेहपुर तक बाईपास पर कुछ पुलों का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। बारिश के बाद कोखराज तक सभी का निर्माण चालू कर दिया जाएगा। साथ ही निर्माण एजेन्सी पीएनसी इन्फ्राटेक को 35 महीने में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।


चकेरी से कोखराज तक दोनों तरफ 7-7 मीटर चौड़ा हाईवे बनेगा। सर्विस लेन के साथ कस्बों में दोनों किनारों पर नाला भी बनेगा ताकि हाईवे पर जलभराव न हो। सिक्सलेन की लागत 2159 करोड़ की गई है। पूरे प्रोजेक्ट की फंडिंग केंद्र सरकार करेगी।